भाटपार रानी। गेहूं क्रय केंद्र चनुकी पर गेहूं की धीमी खरीद के कारण अब तक मात्र 1240 क्विंटल गेहूं की ही खरीदारी हो पाई है। इस वर्ष इस केंद्र पर गेहूं खरीद का लक्ष्य 2500 क्विंटल निर्धारित है। इस क्रय केंद्र पर अभी लक्ष्य के आधे तक भी गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है। समय धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है।
क्षेत्र के केपी सिंह, सच्चिदानंद शाही, रामपाल सिंह, मनोज सिंह आदि किसानों ने बताया है कि सरकारी गेहूं क्रय की दर 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। इसके लिए खतौनी प्रमाणित कराना, फार्मर रजिस्ट्री कराना आदि में काफी दिक्कतें हो रही है। वहीं, प्राइवेट एजेंसियां किसान के दरवाजे पर ही 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल का रेट दे दे रही हैं। इसके चलते वे गेहूं दरवाजे पर ही बेच दे रहे हैं। उन्होंने बताया है कि इसके अलावा इस साल केंद्र लार के चनुकी बाजार में चला गया है जिससे वहां गेहूं ले जाने में माल भाड़ा भी अधिक लग रहा है। हाट निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि अब तक 1240 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। प्रयास में है कि लक्ष्य पूरा कर लिया जाए।