उचक्कों ने पिता के साथ मायके जा रही महिला के जेवर उड़ाए
देवरिया। पिता के साथ मायके जा रही महिला का उचक्कों ने ढाई लाख रुपये के जेवर से भरा पर्स उड़ा दिया। जानकारी होने पर वह अचेत हो गई। होश आने पर दहाड़े मार कर रोने लगी। उसने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
भलुअनी थाना क्षेत्र के सोनखरिका गांव निवासी इस्ताक ने अपनी बेटी साबिया की शादी गौरी बाजार थाना क्षेत्र के तेदुबारी गांव में की है। बुधवार को अपनी बेटी को ससुराल से लेकर शहर के गोरखपुर रोड स्थित ओवरब्रिज के पास टेंपो से उतरे। यहां से ई-रिक्शा से भटवलिया टेंपो स्टैंड के लिए चले। वहां पहुंचने पर महिला ने देखा कि उसका पर्स खुला हुआ है और जेवर से भरा छोटा पर्स गायब है। महिला चिल्लाने लगी और बेहोश हो गई। होश आने पर उसने पर्स की तलाशी ली तो पता चला कि सोने का टीका, नथिया, हार, कान की बाली, झाला और 500 रुपए गायब थे। रोते-बिलखते महिला कोतवाली पहुंची और मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई। कोतवाल राजू सिंह ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है। अंदेशा है कि बगल में जो महिलाएं बैठी हुई थी उन्हीं ने घटना को अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है।