देवरिया। चुनौती बने पशु तस्करों का ठिकाना खोजते हुए देवरिया पुलिस बिहार के सिवान जिले में डेरा डाले हुए है। पिछले चार दिन से पुलिस तस्करों की तलाश कर रही है।
मोबाइल लोकेशन के सहारे पुलिस बिहार पहुंची है। हालांकि तस्कर बार-बार लोकेशन बदल रहे हैं, जिससे पुलिस को सफलता हाथ नहीं लगी है। इसके अलावा एक टीम कुशीनगर में भी पशु तस्करों की तलाश में गई थी।
बुधवार को मझौलीराज कस्बे की पुलिस चौकी के पास बोलेरो की ठोकर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया था। पुलिस ने छानबीन की तो बोलेरो पशु तस्करों की निकली।
घेराबंदी कर पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया। इस दौरान एक तस्कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने तीन अन्य पशु तस्करों के नाम बताए। देवरिया-कुशीनगर के इन पशु तस्करों ने पूछताछ में पुलिस को सिवान जिले के कुछ पशु तस्करों के नाम बताए।
ये तस्कर ही देवरिया-कुशीनगर के रास्ते लगातार पशुओं को बाॅर्डर पार कराते हैं। चर्चा है कि इन तस्करों का नेटवर्क पश्चिमी यूपी से लेकर पश्चिमी बंगाल तक है। इनके विषय में जानकारी मिलने के बाद इस मामले में स्वॉट और एसओजी भी लगाई गई है।
पशु तस्करों की तलाश में एक टीम कुशीनगर गई थी। वहां दो दिन तक छानबीन के बाद पुलिस वापस लौटी है। इसके अलावा एक टीम बिहार के सिवान जिले में है। यह टीम सिवान के कुछ बड़े तस्करों के नेटवर्क को ट्रेस करते हुए वहां तक पहुंची है।
टीम तस्करों के करीब तक पहुंच गई है लेकिन मोबाइल नेटवर्क से जो लोकेशन मिला था वहां तक पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर वहां से भाग गए थे। पुलिस टीम अभी भी सिवान में ही जमी है।
ी