चेयरमैन के पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा
लार। कोइरी टोला में बुलडोजर से नीम के चार पेड़ उखड़वाने और महिला की पिटाई के मामले में पुलिस ने चेयरमैन के पति जगदीश यादव समेत छह लोगों के खिलाफ बलवा का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
गीता देवी पत्नी हरिगोविंद कुशवाहा ने तहरीर में कहा है कि शनिवार को वह अपने खेत में निराई-गुड़ाई कर रही थी। चेयरमैन लार के प्रतिनिधि जगदीश यादव पांच लोगों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे। सड़क बनवाने की बात कह कर मेरे खेत में लगे नीम के चार पेड़ उखड़वाने लगे। विरोध करने पर साथ आए लोग मारपीट करने लगे। वह घायल हो गई। चीख-पुकार सुन आए मेरे पति को भी पीटा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चेयरमैन के पति जगदीश यादव, उमेश प्रसाद, बृजकिशोर प्रसाद, श्रवण कुमार, सत्येंद्र कुमार, सुशील कुमार पर बलवा का मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक बरजोर सिंह ने बताया कि गीता देवी की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ बलवा का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
उधर, चेयरमैन लार के प्रतिनिधि जगदीश यादव ने बताया कि नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड को हाईटेक किया जा रहा है। कुछ विरोधियों को यह बात हजम नहीं हो रही है। वह साजिश के तहत फर्जी मुकदमे में फंसाना चाहते हैं, ताकि नगर का विकास बाधित हो। लेकिन, किसी भी हाल में काम बाधित नहीं होने दिया जाएगा।