बरहज। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डॉ.संकल्प शर्मा ने फरियाद सुनीं। भलुअनी के सोनाड़ी गांव की 70 वर्षीया शीला देवी फरियाद लगाते हुए फफक पड़ीं। उनका कहना था कि साहब, कहां जाऊं, बहू ने घर से निकाल दिया है।
एसडीएम अंगद यादव की अध्यक्षता में दिवस की कार्रवाई शुरू किया गया। डीएम और एसपी भी पहुंच गए। जयनगर गौरा वार्ड नंबर दो निवासिनी गुड़िया देवी पत्नी अमित मद्धेशिया ने शिकायत की। उनका कहना है कि ससुराल में परिवार से अलग रहती हूं। जानमाल का खतरा बताया। तहसील में राजस्व के 17, पुलिस और विकास आठ-आठ, खाद्य एवं रसद 13, समाज कल्याण के पांच और अन्य छह सहित कुल 57 मामले आए। जिसमें राजस्व के एक, खाद्य एवं रसद के पांच, समाज कल्याण के चार, एक अन्य सहित 11 मामलों का निस्तारण कर दिया गया। राजस्व संबंधित अधिक मामले आने पर डीएम दिव्या मित्तल तल्ख दिखीं। उन्होंने राजस्व कर्मियों से प्रलोभन से बचते हुए धारा 24 की कार्रवाई करते समय सहखातेदारों को सुनने के साथ फील्डबुक तैयार करने की नसीहत दिया।