तमंचा दिखाकर 27 हजार रुपये व बाइक लूटी
सलेमपुर। बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की रात तमंचा दिखाकर प्रिंटिंग प्रेस के संचालक से 27 हजार रुपये व उनकी बाइक लूट ली। बदमाश सलेमपुर के रास्ते फरार हो गए। बदमाशों ने बाइक सोहनाग रोड पर छोड़ दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उधर, पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मईल थाना क्षेत्र के सरया गांव निवासी अजय मौर्य नगर के सोहनाग रोड में एक बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र व प्रिंटिंग प्रेस चलाते हैं। वह मंगलवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। आरोप है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के उसरहा मोड़ के समीप एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक दी। अजय मौर्य ने बाइक खड़ी की तो बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर पॉकेट में रखे 25 हजार व पर्स में रखे दो हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। यही नहीं, बदमाश उनकी बाइक लेकर सलेमपुर की तरफ फरार हो गए। शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचे, बदमाश फरार हो गए थे। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। थोड़ी देर में मौके पर डायल 112 पुलिस पहुंची और जांच की। घटना से कुछ दूरी पर मिली अजय मौर्य की बाइक लेकर पुलिस कोतवाली चली आई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि बाइक रात में ही बरामद कर ली गई। हालांकि लूट का मामला संदिग्ध लग रहा है। इसकी जांच चल रही है।
घटना से आक्रोशित हैं व्यापारी
दुकानदार से लूट के मामले में पुलिस की शिथिलता से व्यापारियों में रोष है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष शंभू दयाल गुप्ता ने कहा कि नगर में पुलिसिंग ठीक नहीं है। यहां के व्यापारी अपनी सुरक्षा खुद करते हैं। क्षेत्र की तमाम सड़कें और चौराहे हैं, जहां पुलिस नजर ही नहीं आती। सोहनाग रोड के उसरहा मोड़ पर अक्सर राहगीरों के साथ लूट की घटनाएं होती रहती हैं। यहां की पुलिस व्यापारियों से सहयोग करने के बजाय प्रताड़ित करती है। मंगलवार की रात दुकानदार के साथ लूट हुई। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अगर इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो व्यापार मंडल आंदोलन करेगा।
सीसीटीवी कैमरा से बदमाशों की हो सकती है पहचान
पुलिस अगर सीसीटीवी कैमरा का सहारा लेती है तो बदमाशों की पहचान करने में सहूलियत मिल सकती है। घटना के अंजाम के बाद बदमाश जिस रास्ते से निकले हैं, उस मार्ग पर तीन, चार जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पीड़ित भी सीसीटीवी कैमरे की जांच कराने की मांग कर रहा है।