देवरिया। जिले में गेहूं की मड़ाई का कार्य करीब पूरा होने के कगार पर है, लेकिन क्रय केंद्रों पर बोरे की कमी से गेहूं की खरीद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। जिले में अब तक 17 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।
विभाग की ओर से बोरे के लिए डिमांड की गई है, वहीं कोटेदारों से क्रय केंद्रों पर बोरा देने के लिए मांग किया जा रहा है। हलांकि, जिम्मेदारों की ओर से बोरे की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है। विभागीय दबाव के चलते क्रय केंद्र प्रभारी कुछ बोलने से परहेज कर रहे हैं और किसानों को क्रय केंद्रों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
बनकटा संवाद के अनुसार, क्षेत्र के किसानों से गेहूं की खरीद के लिए सोहनपुर में बनाए गए क्रय केंद्र पर अब तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है। एसएमआई दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर मंगलवार से खरीद शुरू करा दी जाएगी।
तरकुलवा संवाद के अनुसार, किसानों से गेहूं खरीद 30 मार्च से चल रही है। अब तक 15 किसानों के कुल 500 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। एसएमआई धनंजय कुमार मिश्र ने बताया कि गेहूं खरीद के नियम में इस बार थोड़ा परिवर्तन किया गया है। लेकिन किसान अपना फार्मर रजिस्ट्री करा कर गेहूं क्रय केंद्र पर बेच रहे हैं।