फोटो समाचार.....
मृतक मनमोहन कुशवाहा
बरियारपुर के जलपुरवा गांव का मामला, टेंट लगाने के दौरान हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। चाचा के ब्रह्मभोज के दिन टेंट लगाने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक दुकानदार की मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के जलपुरवा टोला अमवा के रहने वाले मनमोहन कुशवाहा (34) गांव पर ही टेंट की दुकान चलाते थे। उनके चाचा उदयभान कुशवाहा की 20 मई को मृत्यु हो गई थी। उनका शनिवार को ब्रह्मभोज था। इसी में मनमोहन दरवाजे पर टेंट लगा रहे थे। टेंट लगाने के दौरान मनमोहन सीढ़ी पर चढ़ रहे थे। तभी दरवाजे से होकर गए हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी किसता देवी, पुत्री चांदनी, आकांक्षा व पुत्र पीयुष सहित घर आईं बहन-बेटियों में चीख-पुकार मच गई। विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने मृतक के दरवाजे पर पहुंच कर परिवार को ढांढ़स बंधाया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मनमोहन का अंतिम संस्कार पास के ही गंडक नदी के कुशहरी घाट पर कर दिया गया।