भागलपुर। एक महिला शिक्षामित्र ने पारिवारिक कलह से तंग आकर शुक्रवार को भागलपुर पुल से नदी में छलांग लगा दी। उसे नये पुल का निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों ने बचा लिया और पुलिस को सूचित किया। पानी कम होने के कारण उसे गंभीर चोट लगी है।
लार थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला शिक्षामित्र परिजनों से नाराज होकर शुक्रवार की शाम को स्कूटी से भागलपुर पुल पर पहुंची और स्कूटी पुल की रेलिंग के पास खड़ी कर सरयू नदी में छलांग लगा दी। महिला जहां नदी में गिरी वहां पानी तीन फिट ही था, नीचे दल-दल था। इससे उसकी जान बच गई। नए पुल का निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों ने दौड़कर महिला को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंच कर भागलपुर चौकी प्रभारी संतोष सिंह, दीवान योगेश यादव, हर गोविंद, इजहार, सुनील पाल ने महिला शिक्षा मित्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने चोट गंभीर होने के कारण महिला को देवरिया मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। पीएचसी पर इलाज करने वाले डॉ. रजत कुमार ने बताया कि महिला का चोट अधिक होने के कारण देवरिया भेज दिया गया है। संवाद