देवरिया। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक फुटबाॅल प्रतियोगिता के लिए जिले और मंडल स्तर पर खिलाड़ियों का चयन बुधवार से शुरू होगा। खेल निदेशालय के निर्देश पर होने वाली इस प्रतियोगिता में पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
जिला खेल कार्यालय के अनुसार खिलाड़ियों का जनपद स्तरीय ट्रायल 20 अगस्त को सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। इसके बाद गोरखपुर मंडल (गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज) के खिलाड़ियों के लिए मंडलीय चयन 21 अगस्त को सुबह 11.30 बजे से होगा। यहां से चुनी गई टीम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। यह प्रतियोगिता 31 अगस्त से सात सितंबर तक पीलीभीत में आयोजित की जाएगी।
खिलाड़ियों की आयु एक जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2013 के बीच होनी अनिवार्य है। जिला खेल अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने प्रधानाचार्यों से कहा है कि वे अपने विद्यालयों के खिलाड़ियों को समय से ट्रायल में भेजें। प्रत्येक खिलाड़ी को हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड या नगर पालिका का जन्म प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। प्रमाणपत्र पर संबंधित डीएफए/जेडएफए सचिव के हस्ताक्षर होने चाहिए। साथ ही खिलाड़ियों का सीआरएफ पंजीकरण भी जरूरी है। चयन के समय मूल प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद लौटा दिए जाएंगे, जबकि स्वप्रमाणित प्रतियां और फोटो जिला सचिव को जमा करनी होगी।