बरहज। कटइलवा मुक्ति पथ स्थित सरयू नदी में शनिवार को सुरौली थाना क्षेत्र के बढ़या बुजुर्ग गांव के रमाकांत चौहान की मां के दाह-संस्कार में आया 13 वर्षीय अंश संदिग्ध हालात में लापता हो गया।
36 घंटे बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका। पुलिस एसडीआरएफ के साथ सरयू नदी खंगलवा रही है। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट के जरिये कटइलवा से भागलपुर तक नदी खंगाल रही है। शाम तक अंश का कहीं पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि शनिवार को रमाकांत चौहान की मां के दाह-संस्कार में अंश भी आया था। हालांकि अंश को नदी डूबते किसी ने नहीं देखा है।
एसडीएम हरिशंकर लाल और सीओ राजेश चतुर्वेदी ने मौके पर जायजा लिया।