रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के जंगल अराजी अमौनी गांव में बिना अनुमति मस्जिद का निर्माण को एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने मंगलवार को रुकवा दिया। गांव वालों के प्राचीन शिवलिंग के सामने मस्जिद बनाने की शिकायत पर एसडीएम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। निर्माण कार्य को लेकर तनाव को देखते हुए काम रुकवा दिया गया।
जंगल अराजी अमौनी गांव में प्राचीन शिवलिंग है। जिसके बगल में गांव के ही सहादत अली की भूमि है। गांव के लोगों का कहना है कि सहादत अली उक्त भूमि पर मकान बनवाने के लिए दीवार खड़ा किए। लेकिन अब मकान की जगह उसे मस्जिद का रूप दिया जा रहा है। जिसे लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। गांव के ही रमाशंकर यादव ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से किया। शिवलिंग के बगल में मस्जिद के निर्माण होने की जानकारी होते ही श्री दत्तात्रेय धाम बेलुआर घाट के संस्थापक महंत स्वामी परमानन्द गिरि ने आवाज उठाई। जिस पर मंगलवार को एसडीएम अवधेश कुमार निगम, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी व प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर पुलिस फोर्स लेकर जंगल अराजी अमौनी गांव पहुंचे। जहां उन्होंने मौके पर हो रहे निर्माण कार्य को बन्द करा दिया। साथ ही एसडीएम ने कहा कि अगर मस्जिद का निर्माण कराना है तो शासन से अनुमति लेकर ही करा सकते हैं।