एसडीएम डॉ राजेश कुमार को भी रू-ब-रू होना पड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। जाम के झाम में फंसकर रुद्रपुर में रोज जहमत उठा रहे आम लोगों की समस्या से बुधवार को एसडीएम डॉ राजेश कुमार को भी रू-ब-रू होना पड़ा। उनकी गाड़ी मुख्य बाजार के रामजी सहाय पीजी कालेज रोड़ पर फंस गई।
जाम में फंसे एसडीएम को स्वयं गाड़ी से उतर कर जाम हटवाना पड़ा। उन्होंने ईद बाद नगर में जाम से निजात दिलाने को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने को कहा है। रुद्रप़ुर में चौराहे और सड़क पर अतिक्रमण के कारण दिन भर सड़क जाम रहना अहम समस्या हो गई है।
जाम से सबसे अधिक प्रभावित जमुनी चौराहा से कोतवाली गेट तक की सड़क रहती है। इस सड़क की पटरी पूरी तरह कब्जा कर ली गई। नगर के इस मुख्य मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगर पंचायत कार्यालय, इंटर कॉलेज, पीजी कॉलेज और कोतवाली स्थित है। सड़क पर अतिक्रमण का आलम यह है कि सीएचसी, स्कूल और टाउन एरिया कार्यालय का मुख्य द्वार पूरी तरह ठेले से जाम रहता है।
इस मार्ग से सुबह दस बजे से गुजरना मुश्किल हो जाता है। यहां दो पहिया, चार पहिया वाहन तो दूर साइकिल और बाइक लेकर चलने में भी लोगों को घंटो जाम में फंसना पड़ता है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने से पहले कई बार जाम में फंस कर मरीजों ने दम तोड़ दिया। अस्पताल के मुख्य गेट से लेकर परिसर तक ठेले वालों का कब्जा रहता है।
यहां से इमरजेंसी सेवा की 108 नंबर एंबुलेस को निकलने में देरी के कारण कई बार विवाद हो चुका है। बुधवार को एसडीएम की गाड़ी फंसने के बाद प्रशासन ने जाम की समस्या को महसूस किया। इस बाबत एसडीएम डॉ राजेश कुमार ने कहा कि रुद्रपुर इस अहम समस्या से निजात दिलाने को गंभीर पहल की जाएगी। ईद का त्योहार बीतने के बाद नगर पंचायत, पुलिस और प्रशासन की सयुक्त बैठक कर अतिक्रमण खत्म करने पर रणनीति बनाकर कार्रवाई होगी।