संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में भीड़ बढ़ने से व्यवस्था पर पड़ा। सोमवार को करीब तीन हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। हर जगह लंबी कतार रही।
इसकी वजह से मरीजों को इंतजार करना पड़ा। मेडिसिन और आर्थो विभाग में पहले डॉक्टर कक्ष में जाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई, जबकि सर्जरी में बिना नंबर के अंदर जाने को लेकर हो-हल्ला हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
महिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लाइन लगी थी। बिलिंग काउंटर और डिजिटल एक्स-रे सेंटर पर भी भीड़ से मरीज परेशान रहे। करीब दस लोगों को बिना एक्स-रे कराए लौटना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ रही। रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल खुलने पर काफी संख्या में मरीज पहुंचे। यहां शहर से लेकर ग्रामीणांचल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से मरीज इलाज कराने पहुंचे थे।
सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लोग पहुंचने लगे। नौ बजे तक लाइन लग गई। साढ़े दस बजे पुरुष और महिला अस्पताल के काउंटर पर लाइन लंबी हो गई। करीब बाइस सौ से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया।
इसके अलावा करीब बारह सौ मरीज फालोअप में पहुंचे थे। मरीजों के साथ तीमारदार भी थे। रजिस्ट्रेशन कराने के बाद मरीज ओपीडी में पहुंचे।
सुबह 11.20 बजे मेडिसिन विभाग में लंबी कतार थी। लोग धक्का-मुक्की कर रहे थे। बिना नंबर के लोग गेट पर पहुंच जा रहे थे। सुरक्षा कर्मी लोगों को शांत कराने और लाइन ठीक कराने में जुटे थे। डॉ. सराजुद्दीन, डॉ. प्रांजल ने करीब चार सौ से अधिक मरीजों का इलाज किया।
आर्थो रोग विभाग में मरीजों की अधिक भीड़ थी। इस रास्ते से गुजरने में दिक्कत हो रही थी। यहां भी डॉक्टर कक्ष में पहले जाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई।