संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के महदहां चौराहे के पास रविवार को बाइक सवार निजी विद्यालय के प्रबंधक को इनोवा गाड़ी ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, मईल थाना क्षेत्र के चकरा गोसाई निवासी रामदरश यादव (55) पुत्र स्व. रामाज्ञा यादव एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक थे। सुबह किसी काम से वह सलेमपुर आ रहे थे। महदहां चौराहे के पास सलेमपुर की तरफ से देवरिया जा रही इनोवा गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार रामदरश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने इनोवा गाड़ी और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। रामदरश के चार बेटे और एक बेटी हैं। दो बेटे की शादी हो चुकी है।
पति की मौत के बाद पत्नी सविता, बेटा दुर्गेश, दिनेश, पारस, नवरत्न व बेटी ज्ञांती दहाड़ मारकर रोने लगीं। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जा में ले लिया गया है।