संवाद न्यूज एजेंसी भटनी (देवरिया)। गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी अपराधी अजय कुमार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भटनी पुलिस और एसओजी टीम ने शनिवार की शाम उसे चांदपार गांव के पास अंडरपास के पीछे से गिरफ्तार किया। उस पर स्थानीय थाने में गो हत्या और संगठित आपराधिक गिरोह चलाने के मामले दर्ज हैं। वह काफी दिनों से फरार चल रहा था।
एसपी विक्रांत वीर के निर्देश पर जिले में वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिवप्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई थी। शनिवार को एसओजी प्रभारी दीपक कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी भटनी इलाके में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहा है।