भटनी में जनसमस्याओं को लेकर धरना देते हियुवा नेता
हियुवा कार्यकर्ताओं ने किसानों को मुआवजा देने समेत अन्य मांगों को नकहनी चौराहा पर मंगलवार को धरना दिया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार को नेताओं ने डीएम को संबोधित नौ सूत्रीय मांग पत्र दिया। समस्या का समाधान नहीं होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
जिला संयोजक नीरज शाही ने कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही से सूखा राहत से अधिकांश किसान वंचित है। इसकी वजह से किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। राशन कार्ड बनाने में कोटेदार और आपूर्ति विभाग के अफसर मिलकर धांधली कर रहे हैं। पात्रों को दरकिनार कर अपात्रों को इसका लाभ दिया जा रहा है। इसकी वजह से गरीबों के सामने भुखमरी की स्थिति है। इसकी निष्पक्ष तरीके से जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
जिलाध्यक्ष मुन्ना राय ने कहा कि सपा सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। प्रत्येक दिन अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। इस पर रोक लगाने में अफसर नाकाम साबित हो रहे हैं। प्रदेश के सभी थानों को सत्ता पक्ष के नेता चला रहे हैं। इसकी वजह से थानों पर आम लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। इलाके की सभी सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसकी मरम्मत नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला उपाध्यक्ष मानवेन्द्र नाथ तिवारी, सुरेन्द्र चौरसिया, दिलीप सिंह बघेल, विनोद ठठेरा, टार्जन यादव, दीपक वर्मा, संपूर्णांनद गुप्त, रितेश आदि रहे।