सलेमपुर (देवरिया)। लंबे समय से फरार चल रहे संतकबीरनगर जिले के पशु तस्कर और गैंगस्टर छट्ठू को सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को रामपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में छट्ठू ने बताया कि वह जिस पशु तस्करी गिरोह का गुर्गा है, उसका सरगना गोरखपुर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र निवासी विकास मिश्रा है।
दोनों के खिलाफ बरियारपुर थाने में 20 मार्च 2024 को पशु तस्करी के मामले में एसओ की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। मंगलवार को पुलिस गश्त कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर रामपुर मोड़ के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वह भागने के फिराक में जुट गया लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि वह पशु तस्करी गिरोह के लिए काम करता है।
वह मादक पदार्थ की तस्करी में भी शामिल रहा है। पिछले साल 20 मार्च को बरियारपुर पुलिस ने तत्कालीन एसओ की तहरीर पर विकास मिश्रा पुत्र दीपक मिश्रा निवासी जैती थाना बेलघाट जिला गोरखपुर व छट्ठू निवासी हकीमपुर पोस्ट डेवरी थाना घनघटा जिला संतकबीरनगर के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
कोतवाल महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि बरियारपुर थाना में दर्ज हुए केस में फरार चल रहे छट्ठू को गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए छट्ठू ने बताया कि उसके गैंग का सरगना गोरखपुर जिले के जैतपुर का रहने वाला विकास मिश्रा है।