‘कृषि कानून किसानों के लिए लाभप्रद’
सलेमपुर (देवरिया)। नगर के हरैया स्थित आरएल एकेडमी में भाजपा सलेमपुर मंडल के तरफ से रविवार को किसान गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें कृषि कानून के विषय में किसानों को जानकारी दी गई। वहीं, कृषि कानून को किसानों के लिए लाभप्रद बताया गया। इसके अलावा भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर कृषि कानून पर गुमराह करने का आरोप लगाया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि कृषि कानून किसानों के लिए लाभप्रद है। इस कानून से किसानों की फसलों का उचित मूल्य मिलेगा और वे किसी भी मंडी में अपनी फसल बेच सकते हैं। किसान विपक्षी पार्टियों के बहकावे में ना आएं। वह अपने निजी स्वार्थ के लिए किसानों को ढाल बना रहे हैं। भविष्य में किसानों को इस कानून से अभूतपूर्व लाभ होने वाले हैं।
विधायक काली प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दल किसानों को कृषि संशोधन अधिनियम कानून के प्रति गुमराह कर रही है। अब भाजपा के कार्यकर्ता गांवों में किसान और आम आदमी को इस कानून के फायदे बताकर जागरूक करेंगे। प्रधानमंत्री का जोर कृषि क्षेत्र को समृद्ध और किसानों को सशक्त बनाने पर रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक पांडेय ने कहा कि कृषि संशोधन अधिनियम से बिचौलियों से छुटकारा मिलेगा। इससे कृषि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होने से देश की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। गोष्ठी की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कन्हैया लाल जायसवाल ने की जबकि कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार तिवारी ने किया।
गोष्ठी को बृजेश उपाध्यक्ष, त्रिपुणायक विश्वकर्मा, जिलामंत्री अभिषेक जायसवाल, ओमप्रकाश यादव, रविन्द्र श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। सुनील यादव स्नेही, बचनदेव गोंड़, शेषनाथ भाई, विजय सिंह, विनय पांडेय, रविन्द्र किशोर कौशल, मनोज सिंह, धीरज मिश्र, सत्यप्रकाश दुबे, अजय दुबे वत्स, पुनीत यादव, अमरदत्त यादव, उमाकांत मिश्र, धनज्ञय चतुर्वेदी, रामाकांत मिश्र, शिवाकांत तिवारी, विकास रौनियार, छोटेलाल गुप्ता, अशोक नाथ तिवारी, प्रमोद गुप्ता, धर्मप्रकाश पांडेय, अशोक कुशवाहा, सत्यप्रकाश सिंह, रत्नेश मिश्र, दीपक श्रीवास्तव, गीता यादव, मुन्नी देवी, सन्नी चौरसिया, देवन्ति देवी, पुष्पा देवी, पानमती देवी आदि उपस्थित रहे। आरएल एकेडमी के प्रबंधक संदीप श्रीवास्तव गोष्ठी में आए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।