दवा की दुकान से 52 हजार रुपये उड़ाए, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
देवरिया। शहर के सीसी रोड पर दवा की दुकान से सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने काउंटर से 52 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। शातिरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फार्म के मालिक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी है।
सदर कोतवाली के सीसी रोड पर स्थित शहीद गेट के पास सत्येंद्र शुक्ला ने दवा की दुकान खोली है। शाम को वह भोजन करने के लिए घर चले गए थे। वापस लौटे तो देखा कि कैश काउंटर में बिक्री के रखे 52,800 रुपये गायब हैं। उन्होंने कर्मचारी से पूछताछ की लेकिन पता नहीं चला। उन्होंने बगल में स्थित टेंट हाउस के सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला तो पता चला कि बाइक सवार तीन बदमाश काउंटर से रुपये निकाल कर ले जा रहे हैं। उन्होंने देर शाम कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज निकाला और जांच पड़ताल के लिए कोतवाली लाया। पुलिस ने कुछ शातिरों के हुलिया से रुपये उड़ाने वाले बदमाशों का मिलान किया।