शराब भट्ठी के मुनीम से 2.85 लाख की लूट
देसही देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के अमारी झांगा गांव के समीप धूस पर सोमवार की शाम शराब भट्ठी से कैश लेकर जा रहे युवक से बदमाशों ने 2.85 लाख रुपये लूट लिया। सूचना पर पहुंचे सीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के बलटिकरा गांव के कृष्ण कुमार पांडेय की क्षेत्र के रामपुर गौनरिया चौराहा पर देसी शराब की दुकान है। प्रतिदिन की तरह सोमवार को उनका चालक कृष्ण कुमार यादव बाइक से शराब भट्ठी पर कैश लेने पहुंचा। वहां से कैश लेकर बलटिकरा के लिए निकला। अमारी झांगा और हरैया बसंतपुर के बीच देवरिया-हाटा मार्ग पर चारपहिया सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक को रोक दी। कृष्ण कुमार यादव के सिर पर पिस्टल लगा कर उसके पास से दो लाख, 85 हजार 500 सौ रुपये कैश लूट लिया। उसका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। पीड़ित चालक बलटिकरा पहुंचकर मालिक से आपबीती बताई तो उनके होश उड़ गए। कृष्ण कुमार पांडेय ने महुआडीह पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने घटनास्थल का जायजा लिया। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि घटना की सूचना पर मौके पर गया था। मामले की जांच की जा रही है।