नदी में स्नान करने गए युवक की मौत, छह को ग्रामीणों ने बचाया
देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पटनवापुल स्थित छोटी गंडक नदी में सोमवार की सुबह स्नान करने गए छह युवक डूबने लगे। छोटे भाई को बचाने गया बड़ा भाई नदी में डूब गया। परिजनों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरसिया नंबर एक गांव के 20 से अधिक लोगों ने छोटी गंडक नदी में सोमवार की सुबह स्नान करने के लिए पहुंचे थे। गांव के सौरभ सिंह, रमेश सिंह, अमन सिंह, विक्की, नितेश, मनोज सिंह और संदीप समेत 12 युवक नदी में स्नान करने लगे। हालांकि पटनवापुल स्थित नदी किनारे रहने वाले लोगों ने युवकों को स्नान करने से मना किया। बावजूद इसके युवक नदी में स्नान करते रहे। इसी दौरान अमन सिंह (16) नदी में डूबने लगा। यह देख अन्य युवक बाहर निकल आए, लेकिन उसका बड़ा भाई सौरभ सिंह (18) उसे बचाने दोबारा नदी में कूद पड़ा। साथ गए लोगों ने अमन सिंह को बाहर निकाल दिया, लेकिन सौरभ नदी में डूब गया। एक घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला। परिजन उसे एंबुलेंस पर लादकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही मां कुसुम देवी, पिता रमेश सिंह, भाई अमन सिंह दहाड़ मार कर रोने लगे।