सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में शिविर आयोजित, 14.30 करोड़ के ऋण स्वीकृत
देवरिया। नगरपालिका रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय में मंगलवार को ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मुंबई केंद्रीय कार्यालय से आईं महाप्रबंधक नमिता रॉय शर्मा की अध्यक्षता में 14.30 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। बैंक की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
महाप्रबंधक ने कहा कि केंद्रीय कार्यालय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के क्रेडिट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जन-जन तक बैंक की ऋण योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने मौके पर देवरिया व बलिया जनपद स्थित शाखाओं के प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक भी की। अग्रणी बैंक की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक एसके उपाध्याय ने बताया कि 14.30 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। जनपद के विकास के लिए बैंक प्रतिबद्ध है और समाज के प्रत्येक वर्ग को ऋण सुविधा प्रदान कर मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग स्वावलंबी बन सकें। इस मौके पर बैंक की ओर से हिंदी पत्रिका सेंट देव वाणी के आजादी का अमृत महोत्सव विशेषांक का विमोचन भी किया गया। इस दौरान मुख्य प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, आरएस राय, राकेश कुमार, रजनी कुमारी, अनामिका मल्ल, राजभाषा अधिकारी शुभलक्ष्मी शर्मा आदि मौजूद रहे।