बरहज गौरा पुलिस चोकी के निकट सड़क पर जाम लगाये लोग
बरहज। गौरा वार्ड के अमरनाथ यादव (50) की मौत के बाद रविवार की शाम करीब 4:30 बजे परिजन और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस चौकी के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन ने भलुअनी थाने के एक दरोगा पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। अमरनाथ की शनिवार की शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें सीएचसी के बाद महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार की शाम शव घर लाया गया तो परिजन उसे लेकर पुलिस चौकी पहुंच गए।परिजन का आरोप है कि पत्नी नीरज से विवाद के बाद अमरनाथ को भलुअनी थाने बुलाया गया था।
वहां एक दरोगा ने उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की थी। इसके बाद से वह परेशान थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जहरीला पदार्थ खाने से उनकी तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भाई उदयभान के अनुसार, अमरनाथ की पत्नी नीरज से जून में आभूषण को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बच्चों को छोड़कर मायके पोखरभिंडा चली गईं और भलुअनी थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि 10 अक्तूबर को थाने बुलाकर अमरनाथ के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
इससे आहत होकर उन्होंने जहर का सेवन कर लिया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।