टीकाकरण के प्रति अफवाह फैलाने वाले जाएंगे जेल : वरिष्ठ नोडल अधिकारी
पैकौली। जिले के वरिष्ठ नोडल अधिकारी व राजस्व सचिव रणवीर प्रसाद ने सोमवार को मझगावां पीएचसी क्षेत्र के सुरौली, पैकौली, हाटा गांव के कोविड कंटेनमेंट जोन, कोविड व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में संक्रमित मरीजों का हाल जाना। हर कंटेनमेंट जोन के एक-एक कार्य बिंदुओं का निरीक्षण कर निगरानी समिति आदि से पूछताछ किया। उन्होंने जरूरत पड़ने पर मरीजों के लिए एंबुलेंस की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दो दिन के अंदर सर्वे कर संक्रमितों की रिपोर्ट देने को कहा। टीकाकरण को लेकर भ्रम फैलाने वालों को चिह्नित कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई का भी निर्देश दिया। साथ ही गांव में साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ नोडल अधिकारी दोपहर में डीएम आशुतोष निरंजन के साथ सुरौली व पैकौली गांव का निरीक्षण किया। दोनों गांवों में तकरीबन दो दर्जन लोग संक्रमित हैं। उन्होंने बुखार, खांसी से पीड़ित लोगों के बारे में जानकारी ली। साथ ही आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सर्वे रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि दो दिन में अभियान चलाएं और प्रत्येक दिन 75-75 घरों का नए सिरे से सर्वे कर रिपोर्ट दें। जिस घर में लक्षणयुक्त लोग मिलें उसके मुखिया तथा परिवार के सदस्यों का नाम लिखें। कहा कि ग्राम प्रधान हर दिन तीन बार संक्रमितों का हाल लें। सर्वे के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक करें। इसी बीच वैक्सीनेशन को लेकर भ्रम फैलाने की बात सामने आई। जिस पर उन्होंने एसडीएम को अफवाह फैलने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने पैकौली गांव में अधिक आबादी को देखते हुए मझगावां पीएचसी प्रभारी को यहां और आशा कार्यकर्ता की नियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश का समय आ रहा है। इसे देेखते हुए गांवों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। इस दौरान डीपीआरओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, एसडीएम सदर सौरभ सिंह, तहसीलदार आनंद नायक, बीडीओ एके राय, डॉ. मारकंडेय जायसवाल, लेेखपाल भास्कर प्रसाद, सचिव अभिनव कुमार, प्रधान इदरीश अंसारी, प्रधान राजेंद्र जायसवाल, सीडीपीओ सदर दयाराम, बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका दिव्या, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता शाही, इंदु, ध्रुवतारा, विजय लक्ष्मी आदि मौजूद रहीं।