देवरिया। सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर बेसहारा जीवन गुजार रहे बेघर, मानसिक रूप से बीमार, मंदबुद्धि एवं दिव्यांगजनों को अब सहारा मिलेगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स गठित की गई है।
टीम शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और बाजार समेत अन्य हाटस्पाॅट पर अभियान चलाएगी। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में समिति के अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाए। सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने सभी सदस्यों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और जरूरतमंदों की सूचना साझा कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। समिति में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदन पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।