टीकाकरण से इनकार, हज यात्रा पर संकट के बादल
आजमीने हज को लगने वाला टीका 30 जून को एक्सपायर हो जाएगा। माहे रमजान में दिन में रोजा के चलते टीकाकरण का कार्य नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार परेशान हैं। यदि टीकाकरण नहीं हो सका तो जिले के 176 लोग हज यात्रा पर नहीं जा पाएंगे। सीएमओ ने अंजुमन इस्लामिया के सदर को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है।
जिले से इस बार 176 लोग हज के अरकान की अदायगी के लिए जाएंगे। आजमीने हज को मक्का-मदीना रवानगी से पहले टीकाकरण किया जाता है। ये टीके चीन से मंगवाए जाते हैं। इस बार यह टीका 30 जून को एक्सपायर हो जाएगा। साथ ही रमजान का महीना पांच अथवा छह जुलाई तक चलेगा। ऐसे में रोजा रख रहे आजमीने हज का 30 जून तक दिन में टीकाकरण संभव नहीं है। इससे स्वास्थ्य महकमे के सामने संकट खड़ा हो गया है।
अगर टीका एक्सपायर हो जाती है तो दोबारा टीका मंगाना संभव नहीं हो पाएगा। हालांकि पूर्व के वर्षों में ईंद के बाद ही टीकाकरण होता रहा है। सीएमओ ने इसको लेकर पिछले माह अंजुमन इस्लामिया के सदर से बात कर टीकाकरण के लिए तारीख निश्चित करने को कहा था। लेकिन तारीख निश्चित नहीं हो पाई।