रामपुर कारखाना। भीषण गर्मी के बीच आम उपभोक्ताओं की कौन कहे, विद्युत उपकेंद्र ही लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है। पांडेयचक उपकेंद्र को 33 हजार वोल्ट की मेन सप्लाई की जगह सिर्फ 22 हजार वोल्ट की सप्लाई मिल रही है। इससे उपकेंद्र क्षेत्र के करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को एक माह से लो वोल्टेज और कटौती का सामना कर रहे हैं।
मांग के अनुरूप बिजली नहीं मिलने से लो-वोल्टेज, कटौती और तकनीकी खराबियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
बिजली निगम के सूत्रों के अनुसार, पांडेयचक उपकेंद्र से जुड़े तीनों फीडरों को 33 केवीए आपूर्ति की आवश्यकता है, मगर कुशीनगर जिले के कसया ट्रांसमिशन केंद्र से सिर्फ 22 केवी बिजली ही मिल रही है। मांग के मुकाबले एक-तिहाई कम आपूर्ति मिलने से पूरे सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।