राजेश कुमार मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य नियुक्त
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज को नए प्रधानाचार्य मिल गए हैं। मेडिकल कॉलेज बस्ती के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के आचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल को प्रधानाचार्य पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा व महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सोसायटी के उपाध्यक्ष आलोक कुमार ने पत्र भेजा है।
उन्होंने कहा है कि सोसायटी बायलॉज के अंतर्गत डॉ. बरनवाल को प्रधानाचार्य नियुक्ति किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक जो भी पहले हो, नियुक्ति की स्वीकृति महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सोसायटी के अध्यक्ष ने दी है। साथ ही कहा गया है प्रधानाचार्य पद की सेवा संतोषजनक पाए जाने पर प्रदेश सरकार की ओर से दो वर्ष तक बढ़ाई जा सकती है। डॉ. बरनवाल को नियुक्ति पत्र जारी होने के सात दिन के अंदर कार्यभार ग्रहण करना होगा। इसके बाद दो सप्ताह के भीतर ओथ एलीजिएंस, गोपनीयता, चल एवं अचल संपत्ति आदि के बारे में जानकारी सोसायटी को उपलब्ध करानी होगी। इस संबंध में कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. एएम वर्मा ने बताया कि इस संबंध में पत्र प्राप्त हो चुका है। संवाद