संवाद न्यूज एजेंसी
भागलपुर। प्रेम-प्रसंग में सीने में गोली लगने से घायल अनमोल मिश्रा (24) का इलाज लखनऊ के केजीएमसी में चल रहा है। बृहस्पतिवार को दरवाजे पर खड़े अनमोल को बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने गोली मार दी थी।
सीने में फंसी गोली को निकालने के लिए शुक्रवार को उसका केजीएमसी में ऑपरेशन होने वाला था, मगर टल या। उधर, बृहस्पतिवार की रातभर एसओजी और पुलिस की तीन टीमों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापा मारा, मगर कामयाबी नहीं मिल सकी।
पुलिस वारदात की तह में जाने के लिए एक युवती से भी पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस इस बात से इन्कार कर रही है। अनमोल के घर पर ताला लटक रहा है। बताया जा रहा है कि परिवार वाले लखनऊ में हैं। सूत्र बताते हैं कि जिस लड़की के लिए गोली चली है वह भी पहले प्रयागराज में रहती थी। अनमोल वहां भी उसके पीछे पड़ा था। इससे आजिज आकर लड़की के घर वालों ने उसे घर बुला लिया था। पीछे-पीछे अनमोल भी गांव आ गया था।
बताया जा रहा है कि अनमोल ने कुछ दिन पहलेे लड़की के घर वालों को धमकी भी दी थी।
जानकारी के अनुसार, मईल थाना क्षेत्र के जिरासो गांव निवासी अनमोल मिश्रा बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 3:30 बजे अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
वह अचेत होकर गिर पड़ा था। पुलिस घायल अनमोल का बयान लेकर वारदात के पीछे का राज जानने में जुटी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। उधर, सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को दोबारा वारदात स्थल का जायजा लिया। आसपास के लोगों से वारदात की असल वजह जानने की कोशिश की।
अनमोल के परिवार के लोग लखनऊ में अनमोल के साथ हैं। यही वजह है कि अनमोल के घर वालों ने अब तक तहरीर नहीं दी है। हालांकि, वारदात के बाद घायल अनमोल ने वीडियो जारी कर बताया था कि गांव के एक शख्स ने प्रेम प्रसंग में उसे गोली मरवाइ है। पुलिस टीम ने वारदात स्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल नकाबपोशों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इसके अलावा पुलिस की सर्विलांस, एसओजी व स्थानीय पुलिस बलिया लार, बरह मईल क्षेत्र में आरोपियों की तलाश कर रही है। एक युवती से पुलिस पूछताछ कर वारदात की कड़ियां जोड़ने में लगी है। पुलिस का कहना है तहरीर नहीं मिली है, मगर नकाबपोशों की तलाश की जा रही है।
अनमोल की हालत अब भी गंभीर ः गोरखपुर से अनमोल बृहस्पतिवार की रात में लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज रेफर हो गया। गोली सीने से नीचे रीढ़ की हड्डी के पास फंसी है। ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी। ं