तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम कोन्हवलिया में अवैध शराब की भट्ठियों पर छापा मारती पुलिस टीम स्रो
तरकुलवा। कच्ची शराब के खिलाफ ग्रामीणों ने जब खुद मोर्चा खोला तो पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध अड्डों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को कोन्हवलिया गांव में आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। मौके से 45 लीटर अवैध शराब बरामदगी के अलावा शराब बनाने के लिए रखा करीब छह क्विंटल लहन पकड़ा गया। लहन को नष्ट करा दिया गया। शराब बनाने व बेचने के आरोप में चार महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
थाना क्षेत्र के कोन्हवलिया, सिरसिया, हरपुर निजाम सहित लगभग 10 गांवों में कच्ची शराब का धंधा चल रहा है। यहां बनी कच्ची शराब आसपास के अलावा बिहार तक जाती है। पांच दिन पहले सिरसिया गांव के लोगों ने मोर्चा खोल दिया। गांव के युवकों ने नहर के किनारे और कंचनपुर न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास झाड़ी में चल रही शराब की भट्ठियों को तोड़ दिया था। इस खबर को अमर उजाला ने 25 फरवरी के अंक में ''''ग्रामीणों का फूटा गुस्सा ...तोड़ी अबैध शराब की भट्ठियां, तीन गिरफ्तार'''' शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद इस गंभीर समस्या को लेकर 27 फरवरी के अंक में ''''गांवों में धड़ल्ले से चल रहा कच्ची का धंधा...जांच में सब चंगा'''' शीर्षक से खबर छपी। ग्रामीणों के आक्रोश और समाचार छपने के बाद शनिवार को प्रशासन ने इस मामले में सख्ती शुरू की। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें शनिवार सुबह कोन्हवलिया गांव पहुंचीं और सड़क पर ही गाड़ी खड़ी करके पैदल ही छोटी गंडक नदी के किनारे पहुंची।
जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद शराब के धंधेबाज भागने लगे। पुलिस व आबकारी विभाग के सिपाहियों ने कोन्हवलिया निवासी लालमती, फूलमती, ज्योति निषाद, बबीता, दुर्गेश निषाद, सचिन निषाद व रामनाथ निषाद को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 45 लीटर कच्ची शराब पकड़ी गई। इसके अलावा छह क्विंटल लहन नष्ट करा दिया। शराब बनाने के कई अवैध उपकरण भी बरामद हुए। छापा मारने वाली टीम में थाना प्रभारी तरकुलवा भूपेंद्र सिंह, एसआई संजय सिंह चंदेल, कांस्टेबल अजय कुमार, मदन कुमार, नेहा सिंह, गरिमा पाल, आबकारी कांस्टेबल सर्वश्री दुबे, बालेंद्र राय, पंकज चौधरी, रीता वर्मा व परमात्मा सिंह शामिल रहे।आबकारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि अवैध शराब के धंधे को चलने नहीं दिया जाएगा। आगे भी ऐसे अभियान चलाकर धंधे पर रोक लगाई जाएगी।