बसों के न रुकने से नाराज थे छात्र, पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। गोरखपुर ओवरब्रिज के पास सड़क जाम कर वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे छात्रों को भगाने के लिए टीएसआई को लाठी भांजनी पड़ी। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। अफरातफरी का माहौल हो गया। बाद में पहुंची फोर्स ने मामले को शांत कराया।
गौरीबाजार और बैतालपुर इलाके के तमाम छात्र शहर के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने आते हैं। सोमवार की दोपहर छुट्टी के बाद जीआईसी, एसएसबीएल इंटर कॉलेज और कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज के विद्यार्थी घर जाने के लिए गोरखपुर ओवरब्रिज के पास वाहन का इंतजार करने लगे। काफी देर तक जब उधर से गुजर रहे बस वालों ने नहीं रोका तो छात्र उत्तेजित हो गए। उन्होंने न सिर्फ मौके पर जाम लगा दिया बल्कि कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। रोडवेज की बसों को भी निशाना बनाया गया। सूचना पर पहुंचे टीएसआई रामवृक्ष यादव ने छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन जब वे मानने को तैयार नहीं हुए तो उन्होंने लाठी पटककर जाम खुलवाया। सूचना मिलने पर सदर कोतवाल फोर्स के साथ पहुंचे, लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी छात्र हट-बढ़ गए थे। खुद टीएसआई ने वाहनों को रोककर छात्र-छात्राओं को बैठाया। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि वाहनों के न रुकने से छात्र नाराज हो गए थे। उन्हें हटाने के लिए लाठियां पटकनी पड़ीं।