अधिकारियों को सौंपा एसडीएम को संबोधित पत्रक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। तहसील परिसर में मंगलवार को उजरा मोहांव की दो दर्जन से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बवाल काटा। सभी ने एसडीएम दिशा श्रीवास्तव को संबोधित पत्रक अधिकारियों को सौंपा।
उजरा मोहांव के दो दर्जन से अधिक की संख्या में महिला-पुरुष तहसील परिसर में पहुंचे। जहां कोटेदार के खिलाफ सभी नारेबाजी करने लगे। दिए पत्रक में सभी का कहना था कि कोटेदार द्वारा विगत माह से राशन कम तौल कर दिया जा रहा है। उनका कहना है कि पहले तौल करने के बाद कोटेदार दो-तीन दिन बाद बुलाकर मानक के विपरीत राशन देता है। विरोध करने पर धमकी देता है। सभी ने जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर उर्मिला देवी, चंद्रावती, तेतरी, सुशीला, पूनम, संध्या, मोनू, निलेश, हृदयानंद, आशा, सरोज, पुतुल, झुनिया, श्रीमती देवी आदि मौजूद रहीं।