विधायक दीपक मिश्र शाका ने 189.72 करोड़ के विकास कार्यों का भेजा प्रस्ताव
बरहज। विधायक की पहल पर बरहज विधानसभा क्षेत्र में 189 करोड़ 72 लाख 30 हजार रुपये की लागत से सड़क, पुल आदि कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में पकड़ी-बरांव-मोहरा और बरहज-सोनूघाट मार्ग के चौड़ीकरण भी शामिल है।
क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका ने नवनिर्माण योजना के तहत अप्रैल माह में क्षेत्र की 95 सड़कों का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग से तैयार कराया है। इसमें 85 करोड़ की अनुमानित लागत से सोनूघाट-बरहज और पकड़ी-बरांव-मोहरा मार्ग का चौड़ीकरण होगा। जबकि 189 करोड़ 72 लाख 30 हजार की लागत से भलुअनी-सिंहपुर, देवरिया-बरहज, बरछौली-परसियां चौबे, छपरा-नदुआं, महेन-करायल, परसियां चौबे-भैया बिजौली, सुकरौली-सतरांव संपर्क मार्ग सहित 95 सड़कों के नवनिर्माण का खाका तैयार किया गया है। तीन करोड़ की लागत से मेहियवां कुर्ना नाला पर 24 मीटर लंबाई-चौड़ाई वाला लघु सेतु निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इससे लोगों में क्षेत्र की सड़कों के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है।