देवरिया। रामपुर कारखाना ब्लॉक के सहबाजपुर गांव स्थित में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव केंद्र का शुभारंभ हुआ। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने फीता काटकर इसकी शुरुआत की।
सीएमओ ने कहा कि सहबाजपुर, रुस्तमपुर गांव समेत आसपास के जुड़े गांव की महिलाओं को प्रसव के समय पीएचसी रामपुर कारखाना या मेडिकल कॉलेज से जाना पड़ता था। जिसके कारण क्षेत्र की गर्भवती को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब प्रसव की सुविधा आसानी से गांव में ही मिल सकेगी। जिससे महिलाओं को प्रसव के दौरान दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। सीएमओ ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की गर्भवतियों को इस केंद्र पर लाएं, यहीं उनका प्रसव कराया जाएगा। कहा कि प्रसव केंद्र में नवजात और शिशु संबंधित सेवाएं भी नियमित रूप से दी जाती हैं। केंद्र पर परिवार नियोजन के साधन और महिला नसबंदी की सुविधाएं भी उपलब्ध है। केंद्र पर डॉ. रवि मद्देशिया, स्टाफ नर्स अनुराधा और एएनएम पूजा, फार्मासिस्ट शेषनाथ यादव, चौकीदार गुड्डू की तैनाती की गई है। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय, एमओआईसी डॉ. विनीत, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, ग्राम प्रधान यशोदा देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुन्ना यादव सहित आशा और काफी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।