गर्भवती पत्नी को युवक के घर वाले रखने को तैयार नहीं
कोतवाली पहुंचा मामला, पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने का हो रहा प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्रेमिका से पत्नी बनी युवती को युवक के घर वाले घर में रखने से इन्कार कर रहे हैं। उधर, युवक रखने को तैयार है। युवती के अनुसार, युवक का बच्चा उसके पेट में पल रहा है। ऐसे में वह कहां जाए। युवती ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस दो के बालिग होने के कारण सुलह समझौते से विवाद को हल करने में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक पास की ही अपनी रिश्तेदारी में अक्सर आता जाता था। इस दौरान रिश्तेदारी की युवती से उसकी नजदीकी बढ़ गई। घर वालों के विरोध पर युवक-युवती एक वर्ष पूर्व फरार हो गए। वहां दोनों ने शादी कर ली। कुछ दिन से दोनों देवरिया के एक मोहल्ले में किराए पर मकान लेकर रह रहे थे। इसकी जानकारी जब युवक के घर वालों को हुई तो वह पहुंचे और पिटाई करते हुए युवक को घर लेकर चले गए।
वहीं युवती के पेट में पांच माह का बच्चा भी पल रहा है। वह अपने घर वालों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्रकरण को समझने के बाद युवक की तलाश शुरू कर दिया। पुलिस आरोपी युवक के घर गई थी, लेकिन वह मिला नहीं। कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि दोनों बालिग हैं और शादी भी कर चुके हैं। बेवजह युवक के घर वाले परेशान कर रहे हैं। पंचायत से मामले को सुझलाने का प्रयास किया जा रहा है।