तरकुलवा। क्षेत्र के जमुनी से तरकुलवा-बंजरिया मार्ग तक नहर की पटरी पर 11 हजार वोल्ट का तार लगाने का काम चल रहा है। इसके चलते मंगलवार को गढ़रामपुर फीडर की बिजली आपूर्ति छह घंटे तक बाधित रही। एेसे में 55 गांवों के उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी और पेयजल की समस्या से जूझना पड़ा।
देवरिया-कसया मार्ग पर जमुनी नहर पुलिया के पास से जमुनी गांव के पश्चिम होते हुए खजुरिया रजवाहा की पूरब पटरी को बाईपास के विकल्प के रूप में तैयार किया जा रहा है।
इसके लिए नगर पंचायत की ओर से नहर की पटरी पर जमुनी से बंजरिया मार्ग तक खड़ंजा कराया गया है। पिछले कुछ दिनों से इसी मार्ग के किनारे बिजली निगम की ओर से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। खंभे लगाने के बाद अब 11 हजार वोल्ट की लाइन के तार बिछाए जा रहे हैं।
लाइन बिछाने के दौरान सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र के फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है।
मंगलवार की सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक गढ़रामपुर फीडर की आपूर्ति बंद रही। इसके चलते जमुनी, कारी टोला, जलुआ, पटखौली, मठिया खरीद, परसौनी, पक्खन टोला, हरैया, सोहनरिया, नारायणपुर, नरहरपट्टी और सरैनी समेत 55 गांवों के लोग परेशान रहे।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए। वहीं, पानी की टंकियां खाली होने से पेयजल को लेकर भी लोगों को दिक्कत हुई।
उपभोक्ताओं का कहना है कि उमस भरी गर्मी में छह घंटे तक बिजली नहीं रहने से लोगों का दैनिक जनजीवन प्रभावित रही।
बिजली निगम के लवलेश सिंह ने बताया कि विद्युतीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से गढ़रामपुर फीडर की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। कार्य पूरा होने के बाद शाम चार बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।