खुखुंदू। हवा के साथ लगातार बारिश होने से शुक्रवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी रही। बार-बार ट्रिपिंग से क्षेत्र के लोगों को दिनभर बिजली की आंख मिचौली झेलनी पड़ी। मौसम खराब होने से दिन में ही अंधेरा छाया रहा।
सलेमपुर स्थित 132 केवी उपकेंद्र से खुखुंदू उपकेंद्र को आपूर्ति होती है। यहां से 10-12 कस्बों समेत करीब 250 गांवों में बिजली पहुंचाई जाती है। शुक्रवार की सुबह से ही आपूर्ति बाधित होने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
हवा धीमी होने पर कुछ देर बिजली आती थी मगर गति बढ़ते ही ट्रिपिंग शुरू हो जाती थी। बिजली निगम के जेई सोनू प्रसाद ने बताया कि हवा और बारिश के कारण आपूर्ति प्रभावित रही। संवाद