बारिश और शार्ट सर्किट से दर्जनों गांवों की बिजली गुल
गौरीबाजार। क्षेत्र के ग्राम पथरहट स्थित गौरी बाजार विद्युत उपकेंद्र में बृहस्पतिवार की सुबह बारिश के दौरान आउट गोइंग केबल में अचानक आई खराबी से नगर क्षेत्र सहित इससे संबद्ध दर्जनो गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत निगम की ओर से इसकी मरम्मत का प्रयास शाम तक किया जाता रहा, हालांकि लोगों को कोई राहत नहीं मिली।
सुबह से हो रही लगातार बारिश से उपकेंद्र के पश्चिमी फीडर के आउटगोइंग केबिल में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से गड़बड़ी आ गई। इससे प्रभावित उपनगर गौरी बाजार, यूपी कार्ड बोर्ड फैक्ट्री सहित इस फीडर से जुड़े ग्राम पाननकुंडा, नगरौली, कालाबन, भटौली खुर्द, भटौली बुजुर्ग, गौरी बुजुर्ग, रामपुर, देवगांव सहित अन्य गांवो में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे इन गांवों में विद्युत आपूर्ति पूरे दिन ठप रही। अवर अभियंता एवं उप केंद्र प्रभारी एनके सिंह ने बताया कि मरम्मत का कार्य चल रहा है। देर रात तक केबल ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।