संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस के आला अफसर भले ही क्राइम कंट्रोल का दावा कर रहे हों पर सच्चाई यह है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करती है। पिछले कुछ वर्षों में जिले के लार, भटनी, तरकुलवां क्षेत्र में पांच लोगों की हत्या के मामले का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
इससे लार के चर्चित चद्रांवती और रहमान हत्याकांड शामिल है। पहेली बनी पांचों हत्या का पर्दाफाश नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। हत्या के पर्दाफाश के सवाल पर पुलिस सिर्फ जांच की रट लगाई है, लेकिन काफी दिनों बाद भी पुलिस की जांच पूरी नहीं हुई। इसको लेकर पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खुखुंदू के परसिया अभिलाष गांव निवासी शिक्षक आकाश प्रताप सिंह 23 सितंबर की शाम सारनाथ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। अगले दिन सुबह उनका शव भटनी के चांदपार गांव के पास सड़क किनारे खेत में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। एक सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो आरोपियों की पहचान कर सकी है और न ही कोई ठोस कार्रवाई कर पाई है।
13 अक्टूबर 2023 की रात भटनी के बलुआ अफगान गांव में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर हंसनाथ तिवारी (25) की हत्या कर दी थी। घटना के करीब दो साल बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। परिजन आज भी यह जानने को बेताब हैं कि आखिर बेटे की हत्या क्यों और किसने की।
शहर के सिंधी मिल कालोनी में जमुना सदन के समीप खाली पड़े प्लॉट की झाड़ियों के बीच 19 अगस्त को मानव कंकाल मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मानव कंकाल को बरामद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कंकाल का एक सप्ताह बाद पोस्टमार्टम किया गया।
इस दौरान डाक्टरों ने कंकाल की हड्डी का कुछ हिस्सा सुरक्षित किया। इसे डीएनए टेस्ट के भेजा जाएगा। पुलिस की निगाहें अब डीएनए टेस्ट रिपोर्ट पर रहेगी। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ा सकेगी।
लार के बाजार वार्ड निवासी मोहम्मद रहमान (17) पुत्र सलीम जो ओकेएम इन्टर कालेज का दसवीं का छात्र था।
24 जून 2022 की रात 8 बजे घर से निकला, लेकिन वह देर तक लौटा नहीं। परिजन उसके मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किये, लेकिन उसका नम्बर स्वीच आफ हो गया। पिता सलीम ने रात में ही थाने जाकर रहमान के गायब होने की सूचना दी थी। रहमान की उसी रात गला रेत कर हत्या कर दी। अगले दिन थाना क्षेत्र के सुतावर कौसड़ मार्ग पर उसका शव मिला।
13 नवम्बर को दोपहर को कस्बे के शास्त्रीनगर कोईरी टोला वार्ड निवासी किराना व्यवसाई घनश्याम गुप्ता की पत्नी चंद्रावती देवी घर में अकेली थी। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने महिला को हथियार से हत्या कर घर में रखे दस लाख रुपए नगद व पच्चीस लाख से अधिक के सोने व चांदी के जेवरात लूट ले गए।
पति की तहरीर पर पुलिस ने लूट व हत्या का केस दर्ज किया तथा घटना के खुलासे को एसओजी समेत तीन टीमें लगाई गई। पुलिस व एसओजी द्वारा घटना के 20 दिन बाद भी खुलासा नहीं करने व्यवसाई सवाल उठाने लगे हैं। प्रशासन से चन्द्रावती देवी की हत्या व घर में हुई लूट की घटना के खुलासे की गुहार लगाई है। बंजरिया गांव निवासी हीरालाल शर्मा (40) गांव के ही चौराहे पर एक टेंट हाउस में काम करता था और खुद का डीजे सिस्टम चलाता था। नौ अगस्त की रात करीब 11:30 बजे वह अपनी बाइक से निकला था, मगर लौट कर नहीं आया। 10 अगस्त की सुबह उसका शव गांव के पश्चिम एक निजी स्कूल के पास धान के खेत में पड़ा मिला, जबकि बाइक खड़ंजा सड़क पर खड़ी थी।
इस मामले में भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इससे पुलिस ने विसरा जांच रिपोर्ट के लिए भेजा है।
बरवा सेमरा गांव में घर के बगल में स्थित शिव मंदिर परिसर में शनिवार की शाम को सहेलियों के साथ लुकाछिपी खेलने गई राजू यादव की पांच वर्षीय बेटी प्रिया यादव रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। परिजनों के साथ गांव के लोगों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने देर रात तक उसकी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
अगले दिन मासूम प्रिया का शव घर के कुछ दूर एक गन्ने के खेत में से बरामद हुआ। इस मामले में भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। जिससे पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है। ि