रामपुर बुजुर्ग। बिहार के चर्चित एनकाउंटर प्रकरण में मृतक भरत तिवारी के समर्थन में रविवार को क्षेत्र के युवाओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा बनकटा रेलवे स्टेशन परिसर से कैंडल मार्च निकालने की तैयारी की जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आयोजकों से मार्च की प्रशासनिक अनुमति मांगी। अनुमति नहीं होने पर पुलिस ने कैंडल मार्च को निकालने से रोक दिया।
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने की इच्छा जताई। पुलिस और आयोजकों के बीच बातचीत के बाद इस बात पर सहमति बनी कि किसी प्रकार का जुलूस या मार्च नहीं निकाला जाएगा, बल्कि सभी लोग एक स्थान पर एकत्र होकर कैंडल एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि देंगे।
सहमति के अनुसार स्टेशन परिसर में लोगों ने कैंडल और दीपक जलाकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके शोकाकुल परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और पूरे समय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा नेता राहुल प्रताप सिंह, आशीष प्रताप सिंह, समाजसेवी बादल सिंह, सूरज गोंड, बैजनाथ मिश्रा, अंकित कश्यप, राज, आशु (आंसू) राय, साधु प्रताप सिंह, अनूप कुमार गिरि सहित दर्जनों युवा उपस्थित रहे।