संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के सभी थानों की चप्पे-चप्पे की निगरानी होगी। इसके लिए प्रत्येक थाने में 12 से 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शासन के निर्देश के बाद एसपी ने सभी थानों के सीसीटीवी कैमरों की रिपोर्ट मांगी है। जिससे जरूरत के हिसाब से सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जा सके।
जनपद के सभी 21 थानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरों की संख्या कम है। कुछ दिन पहले शासन ने सभी थानों पर कैमरा लगवाने और संख्या बढ़ाने का आदेश दिया था। इसको देखते हुए सभी थानों पर लगे कैमरे की स्थित के बारे में एसपी ने ब्योरा मांगा है। विभागीय सूत्रों की मानें तो सदर कोतवाली को छोड़ कर किसी थाने में चार से अधिक सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। कई जगहों पर कुछ कैमरे खराब भी है।
गतिविधियों पर आला अफसरों की होगी ऑनलाइन नजर
देवरिया। सीसीटीवी कैमरे की संख्या बढ़ने से थानों में पुलिस के कामकाज में पारदर्शिता आने की उम्मीद है। थाने पर आने वाले फरियादी और पीड़ितों को भी सुविधा होगी। कैमरों की निगरानी से आला अफसर कामकाज की समीक्षा भी जरूरत पड़ने पर कर सकेंगे और सही गलत का भी पता चल सकेगा। इसके साथ ही कार्यशैली की निगरानी हो सकेगी। कैमरे में वीडियो कैप्चर के साथ ही ऑडियो रिकॉर्डिंग भी होने से पुलिस कर्मियों के व्यवहार के बारे में आला अफसरों को जानकारी मिल सकेगी। अधिकारी सीसीटीवी के माध्यम ऑनलाइन थाने की हर गतिविधि को देख सकेंगे। थाने आने के बाद आरोपी को कितने समय तक बैठाया गया है। इसके बारे में ब्योरा होगा, जिससे मानवाधिकार का हनन न हो। लॉकअप में बंद आरोपियों पर कार्यालय में बैठे मुंशी दीवान की नजर रहेगी।
पुलिस के लिए भी है वरदान
दो दिन पहले एक अधिवक्ता के प्रकरण में कोतवाली परिसर में लगा सीसीटीवी कैमरा संकटमोचन की तरह काम आया। अधिवक्ता ने आरोप था कि पुलिस ने कोतवाली में उनकी पिटाई की थी। इस मामले की जांच कर रही टीम ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को देखा तो सच सामने आ गया। इसका पर्दाफाश शनिवार को डीएम और एसपी ने किया था। अगर कैमरा नहीं होता तो यह घटना पुलिस के लिए सिरदर्द बन जाती।
सीसीटीवी कैमरों की संख्या हर थाने में बढ़ाई जाएगी। इसके लिए एक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए सभी थानों पर लगे कैमरों की संख्या और वर्तमान स्थित के बारे में जानकारी मांगी गई है। कैमरों की संख्या बढ़ने से पुलिस और फरियादी दोनों को फायदा होगा। इसके साथ ही मॉनिटरिंग भी सुगमता से हो सकेगी।
- डॉ. श्रीपति मिश्र,एसपी