देसही देवरिया। बलटिकरा चौराहे से सोमवार को आयुष सिंह के अपहरण के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों पर अपहरणकर्ताओं को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिए गए। इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी सत्या विश्वकर्मा (24) और गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सोहदरा गुलहरिया गांव निवासी सौरभ राय उर्फ नवीन राय (21) को लीलापुर तिराहे के पास से पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अपहरण से पहले फर्जी कागजात के जरिए कई सिम कार्ड निकलवाने और उन्हें एक्टिव कर आरोपियों को देने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, इन्हीं नंबरों के जरिए अपहरण में शामिल आरोपी आपस में संपर्क में थे। पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। वहीं अपहरण में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और आयुष का मोबाइल अब तक बरामद नहीं हुआ है।
इससे पहले मऊ से अभिषेक चौहान (23) को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की टीमें पांच अन्य आरोपियों की तलाश में कई जिलों में दबिश दे रही हैं। सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अब तक तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं।