सलेमपुर। नगर किशोरगंज स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े असलहे के बल पर लूट का प्रयास किया गया। हालांकि दुकानदार की सतर्कता और सूझबूझ से बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर-10, किशोरगंज निवासी ध्रुव कुमार वर्मा की ‘विशाल ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है। गुरुवार सुबह करीब 11:05 बजे एक अज्ञात युवक चेहरा कपड़े से ढककर दुकान में घुस आया। आरोप है कि उसने व्यापारी पर असलहा तानते हुए लूटपाट का प्रयास किया। अचानक हुई घटना से घबराए दुकानदार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खुद को तिजोरी वाले कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकला। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बृहस्पतिवार रात हरैया वार्ड में दबिश भी दी गई, लेकिन अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। शुक्रवार को इस मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। उधर नगर के व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।