देवरिया। कोतवाली क्षेत्र के परसिया अहीर चौराहे के समीप से पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने कोतवाली लाकर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। पकड़ गए दोनों आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली थाना में कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।
कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर परसिया अहीर चौराहे के पास से संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में एक ने अपने को कोतवाली क्षेत्र के भटवालिया निवासी अजीत यादव पुत्र बद्रीनाथ यादव उर्फ पट्टू और दूसरे ने इसी मोहल्ले के मोनू सिंह उर्फ देव सिंह पुत्र मिलन सिंह बताया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर व दाे कारतूस 315 बरामद किया गया।
कोतवाली पुलिस ने अजीत यादव व मोनू सिंह उर्फ देव सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक कोतवाली में अजीत यादव के खिलाफ तीन मामलों में हत्या के प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी समेत एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
इसी प्रकार मोनू सिंह उर्फ देव सिंह के खिलाफ कोतवाली में हत्या के प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़, साजिश समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।
कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।