सोनूघाट में बन रहे एक पेट्रोल पंप के फर्जी एनओसी की शिकायत करने वाले शिकायतकर्ता के दुकान पर पहुंचकर पेट्रोल पंप मालिक के करीबी लोग उसे धमकाने लगे। यही नहीं उससे आवेदन वापसी पत्र पर जबरन दस्तखत करा लिया।
दुकान पर पहुंचा एक व्यक्ति शिकायतकर्ता पर पिस्टल तान दिया और उसे जान से मारने की धमकी भी दे डाली। इस पूरे घटना का वीडियो दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर पालिका रोड निवासी अजित गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता पुत्र प्रेम शंकर गुप्ता ने सोनूघाट में बन रहे एक पेट्रोल पंप का फर्जी तरीके से एनओसी जारी करने की शिकायत मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से की थी। जिसकी जांच पीडब्ल्यूडी द्वारा होनी थी, लेकिन इसकी जानकारी पेट्रोल पंप मालिक भुजौली कॉलोनी निवासी विजय राय पुत्र रामदेव राय को हुई।
युवक को समझाते हुए
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके बाद मालिक विजय राय की तरफ से शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रूद्रपुर रोड स्थित लक्ष्मी आयरन स्टोर पर 30 सितंबर की सुबह 11 बजे पेट्रोल पंप कर्मी और सुरौली के मलकौली के अमित यादव पुत्र सुरेंद्र यादव, सोनूघाट के काशीनाथ यादव पुत्र अज्ञात व 11 लोगों के साथ पहुंचे और शिकायतकर्ता को गाली देने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे।
वहीं, पेट्रोल पंप कर्मी के साथ पहुंचे अमित यादव ने शिकायतकर्ता अजीत के सिर पर पिस्टल तान दिया और शिकायत वापसी पत्र पर जबरदस्ती दस्तखत करा लिया। जाते-जाते वह लोग जान से मारने की धमकी भी दे डाले। यह सारा घटना क्रम दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि मामला संज्ञान में है, आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।