देवरिया। शहर के भुजौली कॉलोनी में नवरात्र से पहले घरों में पाइपलाइन से रसोई गैस की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। साल के अंत तक सभी 33 वार्डों में आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
वर्तमान में करीब 450 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछ चुकी है। साकेत नगर और न्यू कॉलोनी समेत कुछ मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने का काम तीन से चार महीने में पूरा हो जाएगा।
गोरखपुर से बिहार के सिवान जिले तक रसोई गैस आपूर्ति के लिए गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर रोड के किनारे पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इस सड़क के किनारे पड़ने वाले बड़े शहरों और कस्बों को भी इस पाइप लाइन से जोड़ा जाना है।
देवरिया जिले में गौरी बाजार और बैतालपुर कस्बे को जोड़ने के बाद अब देवरिया शहर में पाइप लाइन बिछाई जा रही है।
इसके बाद खुखुंदू, सलेमपुर और लार कस्बे को भी पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा। फिलहाल देवरिया शहर के 33 में से करीब 25 मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है।
गैस वितरण कंपनी बीपीसीएल के अफसरों के मुताबिक, देवरिया शहर में सबसे पहले भुजौली कॉलोनी में आपूर्ति शुरू होगी। इसके लिए घरों तक पाइपलाइन बिछाने के साथ ही कनेक्शन भी बांटा जा चुका है।
चीनी मिल ग्राउंड का पास बन रहा डीआरएस : भुजौली कॉलोनी समेत सीसी रोड के किनारे बसे 10 मोहल्लों में गैस आपूर्ति के लिए चीनी मिल ग्राउंड के पास डिस्ट्रिक्टि रेगुलेटिंग स्टेशन (डीआरएस) का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य पूरा होने में करीब एक महीने का समय लगेगा।
इसके बाद इस केंद्र से आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसके अलावा रुद्रपुर मोड़ और सोनूघाट के पास भी डीआरएस का निर्माण होना है, जिसके लिए जिला प्रशासन से जमीन मांगी गई है।