रामपुर कारखाना नगर पंचायत में घोषित विद्युत कटौती से नाराज सैकड़ो लोगों ने मंगलवार कोअधीक्षण अभ
रामपुर कारखाना। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को नगर के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। नगरवासी सुभाष चौक पर एकत्र हुए और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल देवरिया पहुंचा और अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो नगरवासी व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी में बार-बार बिजली बाधित होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बीमारों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
नगरवासियों का आरोप है कि कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। विभागीय अधिकारी ओवरलोड और शटडाउन का हवाला देकर कटौती को जायज ठहराते हैं, जबकि नगर क्षेत्र के लोगों को घंटों बिजली के बिना रहना पड़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में माेनू मद्धेशिया आकाश मद्धेशिया, आफताब आलम, चंद्रमोहन, उमाशंकर मद्धेशिया, वीरेंद्र यादव, बृजेश कुशवाहा, सुनील मद्धेशिया आदि शामिल रहे।