फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: मुंबई, दिल्ली से लौटने लगे लोग, ट्रेनों में बढ़ी भीड़

Fri, 24 Oct 2025 01:13 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
भटनी रेलवे स्टेशन पर मथुरा-छपरा एक्सप्रेस में चढ़ते यात्री। संवाद   
विज्ञापन
देवरिया/भटनी। छठ पर्व पर अपने घरों को यात्री लौट रहे हैं। बृहस्पतिवार को देवरिया और भटनी रेलवे स्टेशन पर भीड़ अधिक रही। मुंबई, दिल्ली, पंजाब, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से आने वाली लगभग सभी ट्रेनों में यात्री क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार रहे।
विज्ञापन

स्थिति ऐसी रही कि दिव्यांग और लगेज कोच तक में यात्रियों को सफर करना पड़ा। इसको लेकर आरपीएफ और जीआरपी लोगों से गेट पर न खड़े होने की चेतावनी देती रही। पूर्वांचल और बिहार से बड़ी संख्या में लोग मुम्बई, दिल्ली, गुजरात और पंजाब में काम करते हैं। छठ महापर्व पर लोग अपनों के साथ त्योहार मनाने को घर लौटने लगे हैं।
बड़ी संख्या में लोगों के यात्रा करने से ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार सुबह से ही देवरिया सदर और भटनी जंक्शन स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई ट्रेनों में आरक्षित टिकट होने के बावजूद यात्रियों को अंदर घुसने में परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन

प्लेटफॉर्मों पर गहमागहमी का आलम यह था कि हर डिब्बे के दरवाजे पर लटकते हुए लोग अपने घर पहुंचने की जिद में सफर करते नजर आए। ट्रेनों में महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, गुजरात और राजस्थान से आने वाले प्रवासियों की संख्या सबसे अधिक रही। ये सभी लोग अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने के लिए घर लौट रहे हैं।
रेलवे प्रशासन की ओर से अतिरिक्त कोच जोड़ने और विशेष ट्रेनों की व्यवस्था के बावजूद भीड़ कम नहीं हो रही है। स्टेशन पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। भटनी स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही यात्रियों की होड़ मच गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें