मकर संक्रांति को लेकर बाजार में चहल-पहल दिखी। गुड़ और फरुही और चूड़ा-भूजा पर महंगाई का असर दिखा। काले तिल और अदरक का रेट पिछले सालों की तुलना में कम रहा। बावजूद इसके खरीदारों में उत्साह दिखा।
शहर के मोतीलाल रोड, तिलक रोड, न्यू कॉलोनी हनुमान मंदिर, सब्जी मंडी रोड में भूजा, चूड़ा, गुड़ और तिल की दुकानें सजी थीं। बाजार में गुड़ का रेट 35 रुपये प्रति किलो रहा। जबकि पिछले साल 32 रुपये प्रति किलो बिका था। फरुही भूजा 45 और चूड़ा भूजा 50 रुपये किलो बिका। वहीं, पिछले साल 35 रुपये फरुही भूजा और 40 रुपये चूड़ा भूजा बिका था। वहीं, अदरक और काले तिल का रेट पिछले साल की अपेक्षा कम रहा। मकर संक्रांति को लेकर बाजार में खरीदारी करने वालों में रौनक दिखी। दुकानदार गोपाल, हेमंत गुप्ता और शंभू आदि ने बताया कि महंगाई का कोई असर नहीं है। ठंड के चलते दोपहर बाद बाजार में लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं और शाम ढलते ही बाजार से भीड़ खत्म हो जा रही है। बावजूूद इसके गुड़, चूड़ा और भूजा की बिक्री प्रभावित नहीं हुई है।